जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के आगे खजरी खिरिया बायपास स्थित एक टायर-ट्यूब गोदाम में बुधवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गोदाम से उठता काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे गोदाम से अचानक धुआं और ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने गोदाम में रखे बड़ी संख्या में टायर और ट्यूब को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग तेजी से फैल गई।
सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। करीब 20 मिनट के भीतर दमकल की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त फायर टीम और अन्य वाहन भी मौके पर बुलाए गए।
बताया जा रहा है कि गोदाम फैजल अंसारी का है। आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि आग आसपास के क्षेत्र में न फैल सके।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि गोदाम में रखा सामान बड़े पैमाने पर जलकर नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है।