जबलपुर। श्रावण माह के दूसरे सोमवार 10 अगस्त को आयोजित होने वाली संस्कार कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय और नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने खमरिया-मटामर स्थित कैलाश धाम मंदिर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर बैरिकेडिंग, वैकल्पिक यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, विद्युत और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संस्कार कांवड़ यात्रा 10 अगस्त को सुबह 7 बजे मां नर्मदा तट ग्वारीघाट से प्रारंभ होगी। यात्रा बादशाह हलवाई मंदिर, रामपुर चौक, छोटी लाइन फाटक, शास्त्री ब्रिज, तीन पत्ती चौक, मालवीय चौक, बड़ा फुहारा, सराफा चौक, बेलबाग तिराहा, घमापुर चौक, कांचघर, सतपुला ब्रिज, पनेहरा पेट्रोल पंप, गोकलपुर, रांझी और खमरिया बाजार होते हुए मटामर स्थित कैलाश धाम मंदिर पहुंचेगी।
निरीक्षण के समय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़, नगर पुलिस अधीक्षक सतीष साहू, खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक सहित एमपीईबी, प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।