जबलपुर। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी की केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मशाल परिसर में वर्ष 2024 में स्थापित ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया गया।
कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन और देश के लिए उनके योगदान को याद किया।
फिटनेस के लिए रोज शारीरिक गतिविधि करने की अपील
फिरोज कुमार मेश्राम ने फिट इंडिया अभियान के तहत विद्युत कर्मियों से नियमित रूप से खेल और शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि कर्मचारी रोज कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि को प्राथमिकता दें और साल में किसी न किसी खेल से जरूर जुड़ें।
जबलपुर से रहा है ध्यानचंद का खास नाता
पंकज स्वामी ने बताया कि मेजर ध्यानचंद का जबलपुर शहर से गहरा संबंध रहा है। वह 4 वर्ष की उम्र में जबलपुर आए थे। उनके छोटे भाई रूप सिंह का जन्म वर्ष 1908 में जबलपुर में हुआ था। उनकी बहन सुरजा देवी का विवाह भी जबलपुर के राइट टाउन में हुआ था।
उन्होंने बताया कि मेजर ध्यानचंद वर्ष 1975 में आखिरी बार जबलपुर आए थे, जहां उन्होंने विद्युत नियंत्रण मंडल की प्रतियोगिता का उद्घाटन किया था।
कार्यक्रम में फिरोज कुमार मेश्राम, नितिन खत्री, एमसी बालोदी, अनिल अलंग, पंकज स्वामी, संजय आनंद, क्रिस्टोफर नरोन्हा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।