दमोह। दमोह-कटनी स्टेट हाईवे पर शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। कुम्हारी थाना क्षेत्र के चीलघाट पुल से सीमेंट से भरा 18 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट नीचे नदी में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक नदी में उल्टा पड़ गया। ट्रक में दो लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, इंदौर पासिंग ट्रक कटनी से सीमेंट लेकर दमोह जा रहा था। देर रात चीलघाट पुल पर ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गया।
सुबह नदी में दिखा ट्रक, शुरू हुआ रेस्क्यू
शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में ट्रक को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ट्रक के आसपास कोई व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद दमोह से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
पुलिस के अनुसार, ट्रक में दो लोगों के मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि नदी में पानी अधिक होने के कारण अभी तक किसी का पता नहीं चल सका है।
उफनती नदी बनी रेस्क्यू में बड़ी चुनौती
पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण चीलघाट नदी उफान पर है। पुल से नदी की गहराई करीब 40 फीट होने के कारण एसडीआरएफ टीम को बचाव कार्य में काफी परेशानी हो रही है।
ट्रक को सीधा करने के लिए क्रेन भी बुलाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि ट्रक के खिसकने या उसे बाहर निकालने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि उसके अंदर कितने लोग मौजूद थे। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम का रेस्क्यू अभियान जारी है।