जबलपुर। गोहलपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय युवक को अवैध पिस्टल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवक किसी वारदात की तैयारी में खेरमाई माता मंदिर के पास खड़ा था।
पुलिस को शुक्रवार रात सूचना मिली थी कि बाबाटोला निवासी रंजीत उर्फ लाला चौधरी पीले रंग की टी-शर्ट और स्लेटी रंग का लोअर पहनकर भोला नगर स्थित खेरमाई माता मंदिर के पास टीन शेड के नीचे खड़ा है। उसके पास पिस्टल होने की जानकारी भी मिली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम रंजीत उर्फ लाला चौधरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी बाबाटोला बताया।
तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक पिस्टल और लोअर की जेब से दो कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने पिस्टल और कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पिस्टल और कारतूस कहां से लेकर आया था और उसका इस्तेमाल किस वारदात में करने की योजना थी। कार्रवाई में उप निरीक्षक अम्बुज पांडे सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।