akhbaar update

महाकाल मंदिर में अफवाह से मची अफरा-तफरी, भीड़ के दबाव में 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ी

 



उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को नागचंद्रेश्वर मंदिर के पास अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि परिसर में करंट फैलने की अफवाह तेजी से फैली, जिसके बाद श्रद्धालुओं में घबराहट फैल गई। भारी भीड़ के बीच लोग बचने के लिए इधर-उधर जाने लगे और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

उस समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मौजूद थे। भीड़ का दबाव बढ़ने से कुछ लोग गिर गए। घटना के बाद करीब 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें परिजन और सुरक्षाकर्मी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। सभी का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है।

बैरिकेड के नीचे दब गया बच्चा

घटना के दौरान एक बच्चा बैरिकेडिंग के नीचे गिरकर फंस गया। मौके पर मौजूद एक युवक ने उसे बाहर निकाला। एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि उनका बेटा भीड़ में फंस गया था और बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। फिलहाल मंदिर परिसर में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

नागपंचमी के कारण उमड़ी भारी भीड़

नागचंद्रेश्वर मंदिर साल में केवल एक बार नागपंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए खोला जाता है। इस बार नागपंचमी के साथ सावन का तीसरा सोमवार भी होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रही।

पुलिस के अनुसार नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए बैरिकेडिंग में करीब 40 हजार लोग कतार में थे। वहीं सावन सोमवार के कारण बाबा महाकाल के दर्शन के लिए भी लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना थी।

इसी दिन भगवान महाकाल की तीसरी सवारी भी निकाली जानी थी। इसके चलते प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए थे।



Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp