मंडला। मनेरी क्षेत्र में अतुलित फिलिंग पेट्रोल पंप पर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 50 हजार 500 रुपए और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 9 अगस्त की देर रात नकाबपोश बदमाश स्कॉर्पियो से पेट्रोल पंप पहुंचे थे। बदमाशों ने धारदार हथियारों के बल पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की और 93 हजार 875 रुपए लूटकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
ये चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अमित झारिया, पवन झारिया, सौरभ शर्मा और शिवम श्रीपाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इनमें से तीन आरोपी ड्राइवर हैं, जबकि एक अंडे का ठेला लगाता है। गिरफ्तार आरोपियों में दो का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी बताया गया है।
मुख्य आरोपी सहित चार अभी फरार
पुलिस के मुताबिक मामले का मुख्य आरोपी आयुष विश्वकर्मा इंजीनियरिंग का छात्र है। आयुष सहित उसके तीन साथी अभी फरार हैं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
जबलपुर में भी पुलिस ने की दबिश
आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने आठ टीमें बनाई थीं। करीब 40 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की टीम ने जबलपुर के बरेला, भूकंप कॉलोनी, मेडिकल कॉलेज क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार वारदात के लिए आरोपियों ने अपने एक परिचित से स्कॉर्पियो किराए पर ली थी। आरोपियों की गिरफ्तारी पर कुल 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।