जबलपुर। खमरिया ऑर्डिनेंस फैक्ट्री परिसर में सोमवार सुबह बारूद भरने के दौरान अचानक धमाका हो गया। हादसा यूनिट के फिलिंग एरिया-2 में हुआ। घटना के समय ट्रेसर घटक में बारूद भरने का काम चल रहा था।
बताया जा रहा है कि बारूद में अचानक चिंगारी भड़कने से धमाका हुआ। इसकी चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी वासुदेव राम का हाथ झुलस गया। घटना के तुरंत बाद घायल कर्मचारी को प्राथमिक उपचार के बाद निजी महाकौशल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए धमाके के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बारूद के संचालन के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों और प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया गया था या नहीं। प्रबंधन की ओर से घायल कर्मचारी और उसके परिवार को हरसंभव सहायता देने की बात कही गई है।
चिकित्सकों के अनुसार कर्मचारी का इलाज जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।