akhbaar update

तिलवारा में दर्दनाक सड़क हादसा, 407 वाहन ने स्कूटी सवार तीन लोगों को कुचला ; दो की मौत, बच्चा गंभीर

 


जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। शक्ति ढाबा के सामने पीछे से आए तेज रफ्तार 407 वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी सवार तीनों सड़क पर जा गिरे और वाहन उन्हें कुचलता हुआ निकल गया।

पुलिस के अनुसार ग्राम घंसौर, सिवनी निवासी ओमकार यादव उम्र 40 वर्ष स्कूटी से मधु उर्फ पार्वती बाई गौंड़ ठाकुर उम्र 35 वर्ष निवासी सगड़ा, तिलवारा और छह वर्षीय विराट गौंड़ को साथ लेकर बिलहरी की ओर जा रहे थे। शक्ति ढाबा के सामने से आगे बढ़ते समय पीछे से आए 407 वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

टक्कर लगते ही तीनों स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए। इसी दौरान 407 वाहन उन्हें कुचलता हुआ मौके से फरार हो गया। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। तीनों घायलों को एम्बुलेंस की मदद से मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद ओमकार यादव और पार्वती बाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं छह वर्षीय विराट की हालत गंभीर होने के कारण उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है।

हादसे के बाद सड़क पर लगा जाम

दुर्घटना के बाद तिलवारा रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त स्कूटी को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

तिलवारा पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही फरार 407 वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान होने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp