akhbaar update

कलयुगी बेटे की हैवानियत कैमरे में कैद, 75 वर्षीय मां को सड़क पर घसीटकर पीटा

 


जबलपुर। रांझी के अशोक विहार कॉलोनी में शनिवार को एक शर्मनाक घटना सामने आई, जहां एक बेटे द्वारा अपनी 75 वर्षीय वृद्ध मां के साथ मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में एक व्यक्ति बुजुर्ग महिला को पीटते और सड़क पर घसीटते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति महिला का बेटा राजू विश्वकर्मा है।

नशे में करता था मां से मारपीट

स्थानीय लोगों के अनुसार, राजू विश्वकर्मा अक्सर शराब के नशे में अपनी मां के साथ मारपीट करता था। शनिवार को भी उसने कथित रूप से मां के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें घसीटते हुए सड़क तक ले आया। घटना देखकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपी उन्हें भी धमकाने लगा।

https://www.instagram.com/reel/Db0A_mJslwO/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==

पहले भी हुई थी शिकायत

पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी की हरकतों की शिकायत पहले भी पुलिस से की जा चुकी है, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

घर पर ताला, आरोपी फरार

वीडियो सामने आने के बाद रांझी पुलिस आरोपी की तलाश में उसके घर पहुंची, लेकिन घर पर ताला लगा मिला। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस जुटी जांच में

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp