छिंदवाड़ा/जबलपुर। छिंदवाड़ा के कुंडाली कला स्थित पीएम श्री शासकीय स्कूल में एक महिला शिक्षिका पर छात्र-छात्राओं से कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले की शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच कर शिक्षिका को निलंबित कर दिया है।
छठवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने स्कूल के प्राचार्य दिनेश शर्मा को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षिका कक्षा में पढ़ाई के दौरान अनुचित और आपत्तिजनक बातें करती थीं। विद्यार्थियों का आरोप है कि शिक्षिका उन्हें पढ़ाई के बजाय प्रेम संबंध बनाने, घूमने और बच्चे पैदा करने जैसी बातें कहती थीं। शिक्षिका की कथित बातों से बच्चे असहज हुए और उन्होंने इसकी जानकारी अपने माता-पिता को दी।
अभिभावकों ने प्राचार्य से की शिकायत
बच्चों से जानकारी मिलने के बाद अभिभावक स्कूल पहुंचे और प्राचार्य से मामले की शिकायत की। इसके बाद प्राचार्य ने संबंधित शिक्षिका को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। प्राचार्य के मुताबिक शिक्षिका की ओर से नोटिस का जवाब नहीं दिया गया, जिसके बाद शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी गई।
शिक्षा विभाग की जांच के बाद मामले को गंभीर मानते हुए आगे की कार्रवाई की गई। संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग, जबलपुर संभाग की ओर से शिक्षिका के निलंबन के आदेश जारी किए गए हैं।
शिक्षिका ने आरोपों को बताया साजिश
वहीं, आरोपी शिक्षिका ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने विद्यार्थियों से इस तरह की कोई बात नहीं की। शिक्षिका ने आरोप लगाया कि स्कूल के कुछ शिक्षक उनके खिलाफ साजिश कर रहे हैं और बच्चों को समझाकर उनके विरुद्ध बयान दिलवाए गए हैं।
फिलहाल शिक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद मामला चर्चा में है। विभागीय जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।