akhbaar update

जीपीएफ की रकम के बदले 5 हजार रुपए रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार

 



मंडला। नारायणगंज के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए एक बाबू को 5 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी बाबू जीपीएफ की रकम निकलने के बाद इसके बदले पैसे मांग रहा था।

पकड़े गए आरोपी की पहचान नोखेलाल बेलिया (58) के रूप में हुई है। वह विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय नारायणगंज में सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदस्थ है।

मिली जानकारी के अनुसार सिवनी माल कन्या आश्रम में भृत्य के पद पर पदस्थ दशरथ लाल बरमैया ने जीपीएफ से 1 लाख रुपए की राशि निकलवाई थी। राशि मिलने के बाद आरोपी बाबू ने इसके बदले 10 हजार रुपए मांगे थे। बाद में 8 हजार रुपए में बात तय हुई।

गुरुवार को दशरथ लाल पहली किश्त के रूप में 5 हजार रुपए लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। जैसे ही उन्होंने आरोपी बाबू को रुपए दिए, पहले से मौजूद लोकायुक्त की टीम ने उसे पकड़ लिया।

लोकायुक्त टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति, निरीक्षक उमा कुशवाह और लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने की।

लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp