जबलपुर। पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में 15 अगस्त को होने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य जिला स्तरीय समारोह की अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल गुरुवार सुबह पूरी हुई। रिहर्सल में अपर कलेक्टर रविशंकर राय ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।
इस दौरान कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय और नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने समारोह स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने सुरक्षा, मंच, बैठक व्यवस्था, ध्वनि व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।
जवानों ने किया शानदार मार्च पास्ट
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान पुलिस बल, होमगार्ड और एनसीसी कैडेट्स की टुकड़ियों ने अनुशासन के साथ मार्च पास्ट किया। जवानों ने कदमताल करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। परेड के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों को भी परखा गया।
विभिन्न स्कूलों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अभ्यास किया। बच्चों की प्रस्तुतियों में देशभक्ति गीत, लोक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल रहे। इन प्रस्तुतियों से परेड ग्राउंड का माहौल देशभक्ति से भर गया।
https://www.instagram.com/reel/Db-HoEjsnwj/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
15 अगस्त को मंत्री राकेश सिंह करेंगे ध्वजारोहण
जबलपुर में 15 अगस्त को होने वाले मुख्य समारोह में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। इसके बाद परेड निरीक्षण, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों के सम्मान सहित अन्य कार्यक्रम होंगे।
जिला प्रशासन ने समारोह में आने वाले आम लोगों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वरिष्ठ नागरिकों और अतिथियों के लिए अलग-अलग बैठक व्यवस्था की है। नगर निगम और पुलिस विभाग को स्वच्छता, पेयजल और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।