जबलपुर। मध्य प्रदेश में एक बार फिर बारिश तेज होने के आसार हैं। उत्तर बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो गया है और अगले 24 घंटे में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही मानसून की द्रोणिका भी बीकानेर, सतना और डाल्टनगंज से होकर गुजर रही है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 13 अगस्त को जबलपुर में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। जबलपुर के अलावा शिवपुरी और श्योपुरकलां में भी भारी बारिश की संभावना है।
इसके साथ ही भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
16 अगस्त को अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 16 अगस्त को जबलपुर, छिंदवाड़ा और बालाघाट में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, दमोह और छतरपुर में भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। तेज बारिश के दौरान जलभराव और अचानक नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की स्थिति बन सकती है।