भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने रीवा और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में दोनों जिलों में 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना है।
वहीं जबलपुर, दमोह, कटनी, सिवनी, मंडला, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा सहित कई जिलों में भी तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। जबलपुर में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।
कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, शहडोल, सीधी और सिंगरौली में भी भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, इंदौर, उज्जैन, सतना, मऊगंज, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना और निवाड़ी सहित कई जिलों में तेज बारिश होने का अनुमान है।
एक साथ कई मौसम प्रणालियां सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में एक साथ कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। पश्चिमी हिस्से में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। ऊपरी हिस्से में भी दो अन्य चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। इसके अलावा दक्षिणी हिस्से से शीयर जोन गुजर रहा है। इन सभी प्रणालियों के असर से प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने बताया कि 21 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
40 जिलों में अभी भी कम बारिश
लगातार बारिश के बावजूद प्रदेश के करीब 40 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी मध्यप्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में भी बारिश सामान्य से कम रही है।
जबलपुर, कटनी, मंडला, नरसिंहपुर, सिवनी, दमोह, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, रीवा, सागर और सतना सहित कई जिलों में बारिश की कमी दर्ज की गई है। वहीं पश्चिमी मध्यप्रदेश के कई जिलों में भी सामान्य से कम बारिश हुई है।