जबलपुर/भोपाल। मध्य प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश से बाढ़ और जलभराव के हालात बने हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को होमगार्ड मुख्यालय पहुंचकर राज्य आपदा प्रबंधन के सिचुएशन रूम से प्रदेश की स्थिति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बाढ़ प्रभावित जिलों के अधिकारियों से जानकारी ली और जलभराव में फंसे लोगों से सीधे बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने राहत और बचाव कार्य में लगे मैदानी अमले को तेजी से काम करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि अब तक 527 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार हर स्तर पर लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत और बचाव कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और जरूरत पड़ने पर पड़ोसी जिलों से भी तुरंत मदद ली जाए।