जबलपुर। सिहोरा के गोसलपुर थाना क्षेत्र के गांधीग्राम में कूलर में करंट आने से 19 वर्षीय युवती अंजली असाटी की मौत हो गई। हादसा मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुआ।
पुलिस के अनुसार अंजली अपने कमरे में सो रही थी। ठंड लगने पर वह चादर लेने के लिए उठी। इसी दौरान कूलर के पास से गुजरते समय अचानक उसे करंट लग गया और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी।
परिजन तुरंत अंजली को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। कूलर में करंट कैसे आया और हादसे की पूरी वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है।