जबलपुर। दूषित और मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कई दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान बड़कुल स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट में गंदगी और खराब खाद्य सामग्री मिलने पर मालिक और मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
राज डेयरी से पनीर और घी के नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने नगर निगम मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में विजय नगर स्थित राज डेयरी की जांच की। यहां से पनीर और घी के नमूने लिए गए। दुकान पर नियमों के उल्लंघन को लेकर 3 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
ब्लिंकिट से 16 किलो घी जब्त
उखरी तिराहा स्थित ब्लिंकिट कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड की जांच के दौरान पूजा घी के पैकेट बिक्री के लिए रखे मिले। टीम ने घी का नमूना लिया और करीब 16 किलो पूजा घी जब्त कर लिया। इसके अलावा जांच के लिए अमूल बटर का नमूना भी लिया गया।
गंदे फ्रीजर में मिले सड़े मोमोज
दीनदयाल चौक स्थित बड़कुल स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट की जांच में बेहद गंदगी मिली। यहां खराब सफाई के बीच खाना और मिठाइयां बनाई जा रही थीं।
जांच के दौरान डीप फ्रीजर में फफूंद लगी हुई मिली। इसके अंदर करीब 100 सड़े हुए मोमोज और 5 किलो शेजवान चटनी रखी मिली। टीम ने इनके नमूने लिए और बाकी खराब सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर रेस्टोरेंट के मालिक और मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। प्रतिष्ठान पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान लिए गए सभी नमूने भोपाल की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।