जबलपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने कटंगी क्षेत्र में बिजली विभाग के सहायक अभियंता और लाइनमैन को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। दोनों पर 3 हॉर्स पावर के स्थाई बिजली कनेक्शन के लिए रिश्वत मांगने का आरोप है।
लोकायुक्त के अनुसार, 3 हॉर्स पावर का स्थाई बिजली कनेक्शन देने के बदले आवेदक से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन किया और इसके बाद कार्रवाई की योजना बनाई।
योजना के अनुसार लोकायुक्त टीम ने कटंगी में ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपियों को 12 हजार रुपये की रिश्वत दी, टीम ने सहायक अभियंता मनोज कुमार दुबे और लाइनमैन धनेश कुमार शुक्ला को मौके पर पकड़ लिया।
लोकायुक्त टीम दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है। मामले में रिश्वत की मांग और बिजली कनेक्शन से जुड़ी पूरी प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है।