जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र के कुम्हार बाड़ा गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पुल के पास पानी में बह रहे नारियल को उठाने की कोशिश में 4 वर्षीय प्रियांशु पटेल तेज बहाव में गिर गया। पानी की धार तेज होने के कारण बच्चा देखते ही देखते बह गया और लापता हो गया।
बताया जा रहा है कि प्रियांशु खेल रहा था। इसी दौरान उसकी नजर पानी में बहते नारियल पर पड़ी। उसे उठाने के लिए जैसे ही वह पानी के किनारे पहुंचा, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में जा गिरा। बच्चे के पानी में बहते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की।
एसडीआरएफ और गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया। बच्चे की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। स्थानीय तैराकों और गोताखोरों की मदद से नदी में कई स्थानों पर तलाश की जा रही है।
रेस्क्यू टीम नदी के बहाव वाले हिस्सों और किनारों पर लगातार सर्चिंग कर रही है। काफी प्रयास के बाद भी फिलहाल बच्चे का कोई पता नहीं चल पाया है।
घटना के बाद से बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है। पुलिस और बचाव दल बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं।