जबलपुर। नाग पंचमी के मौके पर सांपों के अवैध प्रदर्शन और उनके साथ हो रही क्रूरता को रोकने के लिए वन विभाग ने शहर में विशेष अभियान चलाया। टीम ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मदन महल, गौरीघाट सहित कई इलाकों में कार्रवाई करते हुए 14 से अधिक सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू किया और 12 सपेरों को पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने कोबरा और धामन प्रजाति के सांप बरामद किए। जांच में कुछ सांपों के मुंह धागे से सिले हुए मिले। वन विभाग के अनुसार पकड़े गए सपेरे तेंदूखेड़ा, नरसिंहपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से जबलपुर आए थे।
सांपों का होगा इलाज
रेस्क्यू किए गए सभी सांपों को पशु चिकित्सा महाविद्यालय ले जाया जाएगा। यहां विशेषज्ञ डॉक्टर सांपों के मुंह पर लगे टांके खोलेंगे और उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। जरूरत के अनुसार प्राथमिक उपचार भी दिया जाएगा।
स्वास्थ्य ठीक पाए जाने और डॉक्टरों से प्रमाणपत्र मिलने के बाद सभी सांपों को उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा।
सपेरों पर होगी कार्रवाई
वन विभाग के अनुसार वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत सांपों को जंगल से पकड़ना, उन्हें नुकसान पहुंचाना और लोगों के सामने उनका प्रदर्शन करना अपराध है। विभाग की टीमें शहर के अलग-अलग इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं सपेरों द्वारा सांपों का प्रदर्शन किए जाने की जानकारी मिले तो तत्काल वन विभाग को सूचना दें।