जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का अधिकांश सामान बरामद किया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मो. इजहार अंसारी (22) निवासी आदिल कबाड़ी, सत्तार झिरिया, हनुमानताल और अरशद कुरैशी (24) निवासी काजी मोहल्ला, बड़ा मदार छल्ला, हनुमानताल के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय ने जिले में चोरी, नकबजनी, झपटमारी और वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुराने संपत्ति संबंधी अपराधियों की जानकारी जुटाने और संदिग्धों से पूछताछ के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हनुमानताल सुभाष चंद बघेल के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
परिवार के साथ कार्यक्रम में गया था पीड़ित
पुलिस के मुताबिक पंचकुईया हनुमानताल निवासी मोहम्मद गुलाम दुपहिया वाहन मरम्मत का काम करता है। 2 अगस्त की रात वह अपने परिवार के साथ रजा चौक स्थित अपने माता-पिता के घर एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था।
रात करीब 11:30 बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह परिवार के साथ वापस अपने घर पहुंचा तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला। दरवाजा खुला था। अंदर जाने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला और अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था।
लॉकर में रखे बैग से सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, एक जोड़ी झाले, चांदी की दो जोड़ी पायल, दो कड़े, एक अंगूठी और करीब 30 हजार रुपये नकद गायब थे। इसके अलावा बैंक की पासबुक और आधार कार्ड भी चोरी हो गए थे।
शिकायत के आधार पर हनुमानताल पुलिस ने अपराध क्रमांक 537/26 दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास की जानकारी जुटाई। इसी बीच विश्वसनीय मुखबिर से आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर मो. इजहार अंसारी और अरशद कुरैशी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवर बरामद कर लिए।
सोने-चांदी के जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र, एक अंगूठी, एक जोड़ी झाले, तीन लॉकेट, चांदी की दो जोड़ी पायल, दो कड़े और एक अंगूठी बरामद की है।
दोनों आरोपियों को प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले किसी अन्य चोरी या नकबजनी की वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।