akhbaar update

पेंशन सर्टिफिकेट बनवाने के चक्कर में 54 हजार की ठगी, एप डाउनलोड कराकर साइबर ठगों ने उड़ाए रुपये

 


जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में पेंशन प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने पहले फेसबुक पर पेंशन प्रमाणपत्र बनाने का झांसा दिया और फिर मोबाइल पर एक एप डाउनलोड करवाकर उसमें आगे बढ़ने के लिए कहा। पीड़ित के निर्देशों का पालन करते ही उसके बैंक खाते से दो बार में 54 हजार रुपये निकल गए।

सीओडी कॉलोनी निवासी प्रदीप श्रीवास्तव भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उनके फेसबुक पेज पर एक विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें पेंशन प्रमाणपत्र तैयार करने की सुविधा बताई गई थी। उन्होंने विज्ञापन पर क्लिक कर अपना नाम दर्ज कर दिया।

इसके कुछ देर बाद उनके ससुर के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को पेंशन प्रमाणपत्र बनाने में मदद करने वाला बताते हुए एक एप डाउनलोड करने को कहा। इसके बाद ठग ने एप में 'नेक्स्ट' करते हुए आगे बढ़ने के निर्देश दिए।

पीड़ित ने बताया कि वह बताए गए तरीके से एप में आगे बढ़ते रहे। इसी दौरान उनसे एटीएम कार्ड के अंतिम छह अंक भी दर्ज कराए गए। जानकारी दर्ज करने के कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से दो अलग-अलग लेन-देन में कुल 54 हजार रुपये कट गए।

मोबाइल पर खाते से राशि निकलने का संदेश आने के बाद प्रदीप श्रीवास्तव को ठगी का पता चला। उन्होंने तत्काल साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर इसकी सूचना दी। इसके बाद संजीवनी नगर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम लेन-देन से जुड़े विवरण और ठगों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर तथा अन्य डिजिटल जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

ऐसे रहें सावधान

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले पेंशन, बैंक या सरकारी सेवा से जुड़े अनजान विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में एप डाउनलोड करने या बैंक और एटीएम से जुड़ी जानकारी दर्ज करने से बचें। खाते से रकम निकलने की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कर बैंक को भी सूचना दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp