जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में मारपीट के विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब शिकायत करने की तैयारी कर रहे परिवार के घर पर दो बम फेंक दिए गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। आरोपियों ने घर के बाहर लगातार दो बम फेंके और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गोपाल होटल के पास रहने वाली पूजा रजक ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके भतीजे मनीष उर्फ मनी रजक के साथ 2 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे कुछ युवकों ने मारपीट की थी। आरोप है कि मंजीत ठाकुर, राजेंद्र विनोदिया, प्रिंस और विजय चौधरी उसे सोनू पासी के घर आशा चक्की के पास ले गए थे, जहां सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की।
मारपीट की जानकारी मिलने के बाद मनीष के माता-पिता मामले की शिकायत करने थाने जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों के साथियों ने उनके घर पहुंचकर विवाद को और बढ़ा दिया।
घर पर फेंके दो बम
शिकायत के मुताबिक सोनू पासी अपने साथी पुष्पेंद्र उर्फ गोलू विनोदिया के साथ संयासी बाबा की कुलिया की ओर से वहां पहुंचा। दोनों ने घर के बाहर गाली-गलौज की और इसके बाद अचानक दो बम घर की तरफ फेंक दिए। बम फेंकने के बाद दोनों मौके से भाग निकले।
अचानक हुई बमबाजी से परिवार के लोग घबरा गए। आसपास रहने वाले लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।
एक सप्ताह में बमबाजी की दूसरी घटना
घमापुर क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर बमबाजी की यह दूसरी घटना सामने आई है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले हुई बमबाजी की घटना में भी आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।
घमापुर पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और घटना से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।