भोपाल। मध्य प्रदेश में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विकास, किसान, युवा और रोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
भोपाल से शारजाह के लिए शुरू होगी सीधी उड़ान
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जल्द ही भोपाल से शारजाह के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू की जाएगी। इससे मध्य प्रदेश की दूसरे देशों से हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इसका फायदा व्यापार, पर्यटन और अन्य क्षेत्रों को मिलने की उम्मीद है।
किसानों को जमीन के बदले चार गुना मुआवजा
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं के लिए किसानों की जमीन लिए जाने पर उन्हें चार गुना मुआवजा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ किसानों के हितों का भी ध्यान रख रही है।
2027 में मनाया जाएगा युवा वर्ष
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 को मध्य प्रदेश में युवा वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा की। सरकार का लक्ष्य इस दौरान एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। युवाओं के कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं और अदम्य साहस के लिए पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों को विभिन्न पदकों से सम्मानित किया गया।
सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक मंदसौर के स्वर्गीय मनोहर सिंह चौहान को मरणोपरांत और दमोह के सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद मिश्रा को प्रदान किया गया।
वहीं राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक पाने वालों में योगेश देशमुख, सीमा सुरक्षा बल के पुलिस महानिरीक्षक मकरंद देऊस्कर, उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राकेश गुप्ता, इंदौर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, सागर जोन के पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश कुमार शुक्ला, उप पुलिस महानिरीक्षक अवधेश कुमार गोस्वामी, सेवानिवृत्त निरीक्षक शिवकुमार पटेल, 25वीं वाहिनी के प्रधान आरक्षक वाल्टर हेनरी एक्का और 7वीं वाहिनी के प्रधान आरक्षक देवेंद्र कुमार कौशल शामिल रहे।