जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जबलपुर पुलिस ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाने और अपने घरों, दुकानों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाने के लिए जागरूक करना था।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित तिरंगा यात्रा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
तिरंगा यात्रा की अगुवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी ने की। रैली में रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य सहित जिला पुलिस बल और यातायात पुलिस के जवान शामिल हुए।
वाहनों पर ‘आजादी के रंग खाकी के संग’ और ‘हर घर तिरंगा’ जैसे संदेश वाले बैनर लगाए गए थे। वाहनों में देशभक्ति के गीत बजाए जा रहे थे। पुलिसकर्मी चार पहिया और दोपहिया वाहनों से हाथों में तिरंगा लेकर शहर में निकले और लोगों को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति का माहौल नजर आया और लोगों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साह और सम्मान के साथ मनाने की अपील की गई।