akhbaar update

सड़क पर बैठे मवेशी से टकराई बाइक, दो युवक गंभीर घायल; एंबुलेंस नहीं पहुंची तो बाइक से अस्पताल ले गए



दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में गुरुवार देर रात सड़क पर बैठे मवेशी से बाइक टकराने के कारण दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद समय पर 108 एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिससे परिजनों को दोनों घायलों को बाइक से ही जिला अस्पताल पहुंचाना पड़ा। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा तेजगढ़ थाना क्षेत्र के भीलमपुर गांव के पास बंजारी माता मंदिर के समीप हुआ। चौरई निवासी हाकम सिंह और नहरमऊ निवासी सुरेंद्र सिंह दमोह से अपने गांव लौट रहे थे। रात के अंधेरे में सड़क पर बैठी गाय दिखाई नहीं दी, जिससे उनकी बाइक सीधे मवेशी से टकरा गई।

बाइक से पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस तथा डायल-112 को सूचना दी। आरोप है कि समय पर कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद परिजन रवि प्रकाश लोधी और उनके भाई ने दोनों घायलों को बाइक पर बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

एक घायल जबलपुर रेफर

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हाकम सिंह की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि सुरेंद्र सिंह का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp