akhbaar update

कटनी सीएसपी नेहा पच्चीसिया से तीन थानों का प्रभार वापस, अवैध वसूली के आरोपों की जांच शुरू

 




कटनी। नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) नेहा पच्चीसिया पर लगे अवैध वसूली और विभागीय लापरवाही के आरोपों के बाद पुलिस प्रशासन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच के आधार पर उनके अधिकार क्षेत्र से कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर थाना हटा दिए गए हैं। इन थानों का प्रभार अजाक डीएसपी शिवा पाठक को सौंपा गया है। वहीं, पूरे मामले की विभागीय जांच जबलपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल को सौंपी गई है।

ट्रांसपोर्टर ने लगाए अवैध वसूली के आरोप

कटनी के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र जैन ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि 21 जुलाई की रात वाहन जांच के दौरान उनकी हाईवा गाड़ी को रोककर 30 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत के अनुसार, मौके पर 25 हजार रुपये नकद लिए गए, जबकि शेष 5 हजार रुपये बाद में देने के लिए कहा गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम नहीं देने पर वाहन के खिलाफ कार्रवाई की धमकी दी गई।

चालक निलंबित, प्रभार हटाया गया

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने प्रारंभिक जांच के बाद सीएसपी के चालक एवं आरक्षक केशव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही सीएसपी नेहा पच्चीसिया से तीन प्रमुख थानों का प्रभार वापस ले लिया गया।

हत्या के मामले में भी लगे आरोप

सीएसपी नेहा पच्चीसिया पर एक हत्या के मामले में विभागीय लापरवाही के आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, निर्धारित समय सीमा में न्यायालय में चालान पेश नहीं किए जाने से आरोपी को डिफॉल्ट जमानत मिल गई। इसके अलावा आरोपी ने न्यायालय में परिवाद दायर कर अन्य गंभीर आरोप भी लगाए हैं। इन आरोपों की जांच की जा रही है।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस प्रशासन का कहना है कि शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विभागीय और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एयर होस्टेस से बनीं डीएसपी

राजगढ़ जिले की पचोर निवासी नेहा पच्चीसिया ने अपने करियर की शुरुआत एयर इंडिया में एयर होस्टेस के रूप में की थी। बाद में उन्होंने एमपीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के रूप में सेवा शुरू की। वे गुना, भोपाल, खंडवा सहित कई स्थानों पर पदस्थ रहीं और मई 2025 से कटनी में नगर पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत थीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp