akhbaar update

जबलपुर स्टेशन पर रेल प्रशासन की किलाबंदी, बिना टिकट यात्रियों पर बड़ी कार्रवाई

 



जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर स्टेशन पर शुक्रवार को रेल प्रशासन ने किलाबंदी जांच अभियान चलाकर बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस दौरान टिकट जांच कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने स्टेशन के सभी प्रवेश और निकास द्वारों की घेराबंदी कर ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर सघन जांच की। कार्रवाई से बिना टिकट यात्रा करने वालों में हड़कंप मच गया।

मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में स्टेशन के सभी प्रवेश और निकास मार्गों को पूरी तरह सील कर दिया गया। मुख्य टिकट निरीक्षकों, उड़नदस्ता दल, वाणिज्यिक अधिकारियों, आरपीएफ और जीआरपी की टीमों ने पूरे स्टेशन परिसर में संयुक्त रूप से जांच की।

हर यात्री के टिकट की हुई जांच

अभियान के दौरान स्टेशन पर आने-जाने वाली प्रमुख ट्रेनों के प्रत्येक कोच, प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों के टिकट, पास और प्लेटफॉर्म टिकट की बारीकी से जांच की गई। स्टेशन के फुटओवर ब्रिज और निकास द्वारों पर भी बड़ी संख्या में टिकट जांच कर्मचारी तैनात रहे।

अवैध सामान पर भी चला अभियान

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों के सामान की भी जांच की। निर्धारित सीमा से अधिक या बिना बुक कराए ले जाए जा रहे व्यावसायिक सामान पर रेलवे नियमों के अनुसार जुर्माना लगाया गया।

जुर्माना और कानूनी कार्रवाई

रेल प्रशासन ने बताया कि रेलवे अधिनियम 1989 के तहत बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करना दंडनीय अपराध है। अभियान के दौरान पकड़े गए यात्रियों से मौके पर ही किराया और न्यूनतम 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से कैशलेस भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। जुर्माना नहीं भरने वाले कुछ यात्रियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp