जबलपुर। भाजपा जनकल्याण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष दर्शन आर. शाहा ने समाज और राष्ट्रहित में उनके योगदान को देखते हुए रामकुमार यादव को मध्य प्रदेश का नया प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
संगठन की ओर से जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, रामकुमार यादव को भारतीय संविधान में निहित मूल्यों और संगठन के पांच प्रमुख सिद्धांतों—राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय अखंडता, लोकतंत्र, सकारात्मक पंथ-निरपेक्षता और गांधीवादी समाजवाद—को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष दर्शन आर. शाहा ने विश्वास जताया कि रामकुमार यादव संगठन की विचारधारा और उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।
जनहित रहेगा सर्वोपरि
नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष रामकुमार यादव ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उन्हें मिली जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और लगन के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके लिए जनहित हमेशा सर्वोपरि रहेगा और संगठन के पांचों मूल सिद्धांतों को प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास करेंगे।