akhbaar update

हनुमानताल पुलिस ने पकड़े दो वाहन चोर, 5 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

 


जबलपुर। हनुमानताल थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक 21 वर्षीय युवक और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 5 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि गोहलपुर निवासी तोता उर्फ फैजान चोरी की बाइक लेकर सिंधी कैंप के पास घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में वह बाइक के दस्तावेज नहीं दिखा सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कटंगी बायपास से बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया।

इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर कब्रिस्तान क्षेत्र से दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो एक्टिवा स्कूटी बरामद की गईं। जांच में पता चला कि इनमें से दो वाहन गोरखपुर और माढ़ोताल थाना क्षेत्र से चोरी हुए थे, जबकि अन्य स्कूटी के मालिकों की पहचान की जा रही है।

इसी दौरान पुलिस को एक अन्य सूचना मिली कि कब्रिस्तान गेट नंबर-1 के अंदर एक नाबालिग चोरी की एक्टिवा बेचने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी सफ्फू उर्फ सरफराज के साथ गोरखपुर ब्रिज के नीचे से एक्टिवा चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने चोरी की एक्टिवा बरामद कर नाबालिग को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया है।

पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों और बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की तलाश जारी रखी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp