जबलपुर। गढ़ा के धनवंतरी नगर स्थित एक होटल में कथित अवैध गतिविधियों और देह व्यापार के आरोपों को लेकर स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। कॉलोनीवासियों ने होटल का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि होटल में ओयो बुकिंग की आड़ में लंबे समय से देह व्यापार का कारोबार चल रहा है। उनका कहना है कि सुबह से देर रात तक युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। लोगों ने होटल में मौजूद कुछ युवक-युवतियों को बाहर निकालते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
रहवासियों का कहना है कि इस मामले की शिकायत पहले भी पुलिस और प्रशासन से कई बार की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें धमकियां भी दी जाती रही हैं।
हंगामे की सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने होटल की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और होटल को बंद कराने की मांग करते हुए नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने होटल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस को सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।