akhbaar update

देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश, नौकरी का झांसा देकर युवतियों को बनाया शिकार

 



जबलपुर। शहर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवतियों से देह व्यापार कराने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में मुख्य आरोपी दीपक धानुक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना की रहने वाली एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि वह दिल्ली में घरेलू काम करती थी। इसी दौरान दीपक धानुक ने उसे फोन कर जबलपुर में अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। युवती 11 जुलाई 2026 को जबलपुर पहुंची, जहां आरोपी ने उसे गोरखपुर क्षेत्र के एक होटल में ठहराया।

शिकायत के मुताबिक अगले ही दिन आरोपी ने उसे एक ग्राहक के साथ जाने के लिए मजबूर किया। विरोध करने पर धमकी देकर जबरन देह व्यापार कराया गया। इसके बाद कई ग्राहकों के पास भेजा गया और कमाई का अधिकांश हिस्सा आरोपी अपने पास रखता था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सदर स्थित बाजपेयी कंपाउंड निवासी 29 वर्षीय दीपक धानुक को गिरफ्तार कर लिया। उसके मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप चैट, ग्राहकों को भेजी गई युवतियों की तस्वीरें और कई अहम सबूत मिले हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने साथी अरविंद उर्फ प्रियांशु, रोशनी पटेल और शिवकुमार उर्फ आकाश के साथ मिलकर इस गिरोह को संचालित किया। पुलिस ने इनके खिलाफ भी मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक ग्राहक से 2,000 रुपये लेता था, जिसमें से पीड़िता को केवल 500 रुपये दिए जाते थे और बाकी रकम आरोपी आपस में बांट लेते थे।

पुलिस अब फरार आरोपियों के साथ-साथ इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों और संबंधित होटलों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp