जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा 26 जुलाई को ग्राम दिनारी खम्हरिया के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने के बाद घायलों को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल सिहोरा लाया गया था। यहां पुलिस को रामसुतान यादव, उम्र 45 वर्ष, निवासी सलैया कुआं, थाना सलिमनाबाद, जिला कटनी ने बताया कि उसके बेटे विनीत यादव ने फोन पर हादसे की जानकारी दी थी।
बताया गया कि सिहोरा की ओर से आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 20 जीबी 5647 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए रामसुतान यादव के चाचा नीरज यादव और दादी कुसुम बाई को टक्कर मार दी।
हादसे में 70 वर्षीय कुसुम बाई यादव की आंख के पास गंभीर चोट आई। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं घायल नीरज यादव को उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर मारने के बाद पिकअप वाहन कुछ दूर जाकर पलट गया। सिहोरा पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।