अभिनव कॉम्प्लेक्स में नालियां जाम, सड़क पर फैला गंदा पानी; लोगों के फिसलकर गिरने का खतरा
जबलपुर। सिविल लाइन स्थित अभिनव कॉम्प्लेक्स में सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति सामने आई है। नगर निगम जहां शहर में स्वच्छता अभियान और सफाई व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रहा है, वहीं अभिनव कॉम्प्लेक्स और उसके सामने स्थित इमारतों के आसपास कीचड़ और गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
परिसर में जगह-जगह कीचड़ फैला है और नालियां पूरी तरह गंदगी से जाम हैं। जल निकासी की व्यवस्था ठप होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। फिसलन के कारण कई लोग गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं।
बच्चों और बुजुर्गों के लिए बढ़ा खतरा
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सड़क पर फैली गंदगी और कीचड़ के कारण पैदल चलना तक चुनौती बन गया है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी लंबे समय तक जमा रहता है। इससे दुर्गंध फैलने के साथ ही मच्छरों और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। रहवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया।
स्वच्छता के दावों पर उठे सवाल
रहवासियों का कहना है कि नगर निगम का सफाई अमला मुख्य सड़कों तक ही सीमित नजर आता है। आवासीय परिसरों और अंदरूनी इलाकों की सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
अभिनव कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित इमारतों के आसपास भी गंदगी और कीचड़ फैला हुआ है। ऐसे में नगर निगम के स्वच्छता अभियान और शहर को साफ-सुथरा बनाने के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से तत्काल कीचड़ हटाने, नालियों की सफाई कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।