64 गिरफ्तारी वारंट और 32 जमानती वारंट तामील, अवैध शराब और चाकू के साथ 26 आरोपी पकड़े गए
जबलपुर। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस ने देर रात बड़े स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। देर रात शुरू हुई पुलिस की कार्रवाई सुबह तक जारी रही। इस दौरान फरार आरोपियों, वारंटियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा रहा।
कॉम्बिंग गश्त में थानों के प्रभारी, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मी मैदान में उतरे। पुलिस टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर लंबे समय से फरार आरोपियों और वारंटियों को गिरफ्तार किया।
114 गैर जमानती वारंटी पकड़े
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कई वर्षों से फरार 114 गैर जमानती वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 64 गिरफ्तारी वारंट और 32 जमानती वारंट भी तामील किए गए। लंबे समय से पुलिस से बच रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने अवैध शराब कारोबारियों के ठिकानों पर भी दबिश दी। कार्रवाई में 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 34 लीटर कच्ची शराब और 32 पाव देशी व अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
51 चाकू के साथ 9 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने चाकू लेकर घूम रहे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की। अलग-अलग स्थानों से 9 आरोपियों को चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से कुल 51 चाकू बरामद किए गए।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी चेकिंग
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की। देर रात आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों को रोककर पूछताछ की गई। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।