akhbaar update

उड़ीसा से गांजा लाकर जबलपुर में खपाने की तैयारी, दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार

 




8 किलो 765 ग्राम गांजा जब्त, कीमत 4.38 लाख रुपए; मुख्य आरोपी दिलीप चौधरी की तलाश जारी

जबलपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच, सिविल लाइन और गोसलपुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 8 किलो 765 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 38 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने गांजे के अलावा दो मोबाइल फोन और 11 हजार 840 रुपए नकद भी जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। सिविल लाइन थाना पुलिस को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित पार्सल ऑफिस के पास एक महिला और युवक के संदिग्ध हालत में मौजूद होने की सूचना मिली थी।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान नंदनी गढ़वाल (37) निवासी कटनी, वर्तमान पता प्रेमसागर हनुमानताल और महेन्द्र भट्ट (27) निवासी झंडा चौक हनुमानताल के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके बैग से 5 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

उड़ीसा से गांजा लाने के लिए दिए थे 10 हजार रुपए

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हनुमानताल निवासी दिलीप चौधरी ने उन्हें उड़ीसा से गांजा लाने के लिए 10 हजार रुपए एडवांस दिए थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।

यात्री प्रतीक्षालय से महिला गिरफ्तार

इसी दौरान गोसलपुर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने एनएच-30 स्थित यात्री प्रतीक्षालय में कार्रवाई करते हुए कहकशा बानो (21) निवासी मेहदवानी, जिला डिंडोरी को गिरफ्तार किया। उसके बैग की तलाशी लेने पर 3 किलो 65 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में कहकशा बानो ने बताया कि वह नंदनी गढ़वाल और महेन्द्र भट्ट के साथ उड़ीसा के झारसुगुड़ा गई थी। वहां से उसे गांजे के दो पैकेट जबलपुर लाने के लिए दिए गए थे। इसके बदले उसे 3 हजार रुपए देने का लालच दिया गया था।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं, गांजा तस्करी के मुख्य आरोपी दिलीप चौधरी की तलाश की जा रही है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और उड़ीसा से जबलपुर तक चल रहे गांजा तस्करी के संबंधों की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp