जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर एक सेवानिवृत्त शिक्षक से 1 लाख 33 हजार 800 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने एटीएम में मदद का बहाना बनाकर कार्ड बदल लिया और बाद में खाते से लाखों रुपये निकाल लिए।
पुलिस के अनुसार, इंद्रपुरी कॉलोनी निवासी 77 वर्षीय सतीषचंद्र भारद्वाज केंद्रीय विद्यालय से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। कुछ दिन पहले सुबह करीब 9 बजे वे चंडी माता मंदिर के सामने स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। उन्होंने दो बार में 5-5 हजार रुपये निकाले। इसी दौरान उनके पीछे खड़ा एक युवक रुपये गिन रहा था।
युवक ने उनसे कहा कि "आपका कुछ नीचे गिर गया है।" जैसे ही सतीषचंद्र नीचे देखने लगे, उसने चुपचाप उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और दूसरा कार्ड उन्हें थमा दिया।
घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने अपने बैंक खाते की जानकारी देखी तो पता चला कि उनके खाते से एटीएम के जरिए 1 लाख 33 हजार 800 रुपये निकाल लिए गए हैं। कार्ड की जांच करने पर उन्हें मालूम हुआ कि उनके पास जो कार्ड है, वह उनका नहीं है।
पीड़ित ने ग्वारीघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर एटीएम के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।