जबलपुर। दमोह से ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर जबलपुर आ रहा पिकअप वाहन हथिनी गांव के आगे अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद वाहन में लदे ऑक्सीजन सिलेंडर सड़क किनारे खाई में गिरकर लुढ़कने लगे। दुर्घटना में पिकअप चालक घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया और स्थानीय लोगों की मदद से सभी सिलेंडर सुरक्षित बाहर निकलवाए।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन दमोह से ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जबलपुर के लिए रवाना हुआ था। हथिनी गांव के आगे पहुंचने पर सामने से आ रहे एक भारी वाहन को साइड देने के दौरान पिकअप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद पिकअप सड़क किनारे पलट गया।
खाई में गिरकर लुढ़कने लगे सिलेंडर
हादसे के बाद वाहन में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर बाहर निकलकर खाई में गिर गए और लुढ़कने लगे। दुर्घटना देखकर मौके पर रुके राहगीरों ने किसी तरह चालक को पिकअप से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रस्सियों के सहारे खाई में गिरे ऑक्सीजन सिलेंडरों को बाहर निकलवाया। सभी सिलेंडरों को सुरक्षित निकालने के बाद दूसरे वाहन की व्यवस्था कर उन्हें जबलपुर रवाना किया गया।
वहीं, हादसे में घायल पिकअप चालक को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।