व्हाट्सऐप अकाउंट हैक कर भेजा मैसेज, दो बार में पेटीएम से ट्रांसफर कराए रुपए
जबलपुर। ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। साइबर ठग अब लोगों के मोबाइल और सोशल मीडिया खातों को हैक कर उनके परिचितों और रिश्तेदारों से पैसे मांग रहे हैं। ऐसा ही मामला खमरिया थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां जालसाजों ने एक महिला के भाई का मोबाइल हैक कर उसकी बहन से 55 हजार रुपए ठग लिए।
पुलिस के अनुसार, वेस्टलैंड खमरिया निवासी कल्पना श्रीवास्तव ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि 11 जुलाई को दोपहर करीब 3:28 बजे उसके भाई रजनीकांत वर्मा के व्हाट्सऐप नंबर से उसके मोबाइल पर मैसेज आया।
मैसेज में लिखा था कि उसकी यूपीआई आईडी काम नहीं कर रही है और उसे तत्काल 55 हजार रुपए की जरूरत है। भाई का मैसेज समझकर कल्पना ने बिना ज्यादा पड़ताल किए दो बार में 30 हजार और 25 हजार रुपए, कुल 55 हजार रुपए पेटीएम के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
फोन करने पर सामने आया पूरा मामला
रुपए भेजने के बाद कल्पना ने अपने भाई को फोन किया, लेकिन करीब 10 से 15 मिनट तक उससे संपर्क नहीं हो सका। इसी दौरान उसकी बहन ने बताया कि रजनीकांत का मोबाइल हैक हो गया है।
कुछ देर बाद रजनीकांत का फोन आया। उसने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल हैक कर लिया है और उसके नाम से रिश्तेदारों और दोस्तों से पैसे मांगे जा रहे हैं।
इसके बाद कल्पना को समझ आया कि उसके भाई का मोबाइल हैक कर जालसाज ने उसके नाम से मैसेज भेजकर 55 हजार रुपए की ठगी की है। खमरिया पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर टीम मोबाइल हैकिंग और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।