akhbaar update

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा शोषण; आरोपी गिरफ्तार

 



इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका शोषण करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी हर्ष उर्फ राज चौहान निवासी गौरी नगर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, युवती और आरोपी की करीब चार साल पहले पहचान हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी। आरोप है कि आरोपी ने युवती से शादी का वादा किया और 7 मार्च 2023 को उसे अपने घर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे अरविंदो अस्पताल के पास स्थित अपने दोस्त के घर भी ले गया, जहां भी शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही तो वह फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। इसके बाद आरोपी लंबे समय तक उसे धमकाकर उसका शोषण करता रहा। 5 जनवरी को आरोपी के दोस्त के घर शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने शादी से इनकार करते हुए युवती को बदनाम करने की धमकी दी।

पीड़िता के मुताबिक, 3 जुलाई को भी आरोपी ने फोन कर उसे बुलाने और धमकाने का प्रयास किया। लगातार प्रताड़ना से परेशान युवती ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर हीरानगर थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp