बारिश में बढ़ जाता है पानी का बहाव, पहले भी कई बार रेस्क्यू की नौबत आ चुकी
जबलपुर। कटंगी के पास स्थित निदान फॉल में बारिश के साथ पर्यटकों की भीड़ बढ़ने लगी है, लेकिन यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। हालात यह हैं कि लोग पथरीले रास्तों से होते हुए झरने के नीचे बने कुंड तक पहुंच रहे हैं और तेज बहाव के बीच नहाने का आनंद ले रहे हैं।
बारिश के मौसम में निदान फॉल का जलस्तर और पानी का बहाव अचानक बढ़ जाता है। इसके बावजूद कई पर्यटक झरने के बेहद करीब पहुंचकर जोखिम उठा रहे हैं। खासकर युवा पत्थरों के बीच से होते हुए झरने तक पहुंचते हैं और कुंड में उतरकर नहाते हैं।
गहरे कुंड में गिरने का खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, झरने के ठीक नीचे गहरा कुंड बना हुआ है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति ऊपर से फिसलकर गिरता है तो सीधे गहरे पानी में पहुंच सकता है। तैराक लोग यहां छलांग लगाने का जोखिम उठाते हैं, लेकिन तैरना नहीं जानने वालों के लिए यह स्थान बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
पर्यटकों का कहना है कि फॉल के आसपास सुरक्षा चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। यही वजह है कि लोग आसानी से खतरनाक हिस्सों तक पहुंच जाते हैं।
पहले भी फंस चुके हैं लोग
निदान फॉल में पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। हाल ही में दो युवक घूमने के लिए फॉल पहुंचे थे और चट्टान पर बैठे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव बढ़ गया और दोनों वहां फंस गए। बाद में पुलिस और वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके अलावा पूर्व में भी फॉल में कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान तक जा चुकी है। इसके बावजूद बारिश के मौसम में यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
कटंगी पुलिस का कहना है कि पुलिस टीम समय-समय पर मौके पर पहुंचकर लोगों को झरने से दूर रहने की सलाह देती है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान यहां नियमित निगरानी के साथ स्थायी सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।