akhbaar update

गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव

 


पत्नी और बच्चों के साथ खाना खाने के बाद घूमने निकला था अनिल, देर रात परिजनों ने तलाश शुरू की

जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम वीरनेर में 28 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिलने के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनिल कोल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस के अनुसार, अनिल कोल शनिवार रात करीब 9 बजे अपनी पत्नी शिवानी और बच्चों के साथ घर पर खाना खा रहा था। खाना खाने के बाद उसने परिजनों से कहा कि वह थोड़ी देर घूमकर वापस आएगा। इसके बाद वह घर से निकल गया।

काफी देर तक जब अनिल वापस नहीं लौटा तो पत्नी और परिजन चिंतित हो गए। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और गांव में दोस्तों व रिश्तेदारों से पूछताछ की। इसी दौरान वे खेरमाई मंदिर के पास नदी किनारे पहुंचे, जहां अनिल छेवला के पेड़ पर फंदे से लटका मिला।

मौके पर जुटे ग्रामीण

अनिल को इस हालत में देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गए।

सूचना मिलने पर खमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मर्ग जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp