akhbaar update

दूषित भोजन-पानी से 11 से ज्यादा छात्राएं बीमार, एक की हालत गंभीर

 




कटनी के सरसवाही स्थित छात्रावास में मचा हड़कंप, परिजनों ने किया प्रदर्शन; जांच के लिए पानी और भोजन के नमूने भेजे

कटनी। सरसवाही स्थित माता शबरी कन्या शिक्षा परिषद में दूषित भोजन और पानी के कारण 11 से अधिक छात्राओं के बीमार होने का मामला सामने आया है। शनिवार से छात्राओं के बीमार पड़ने का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। रविवार को एक और छात्रा की हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए कटनी जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है।

बीमार छात्राओं ने सांस लेने में तकलीफ और सीने में दर्द की शिकायत की है। सूचना मिलने के बाद डॉक्टरों की टीम छात्राओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में दूषित पानी या भोजन को छात्राओं के बीमार होने का संभावित कारण माना जा रहा है।

प्रशासन ने छात्रावास के पानी के स्रोत और रसोई से भोजन के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही छात्राओं के बीमार होने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

परिजनों ने किया प्रदर्शन

घटना के बाद छात्राओं के अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। अरविंद सिंह टेकाम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण विद्यालय परिसर के बाहर जमा हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।

परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन और शिक्षा विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि छात्रावास में लंबे समय से साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता को लेकर लापरवाही बरती जा रही थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।

प्रदर्शनकारी अभिभावक अरविंद सिंह टेकाम ने कहा कि जब तक छात्राएं पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जातीं और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।

अधिकारी और पुलिस बल मौके पर तैनात

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। अपर जिला पंचायत सीईओ सहित शिक्षा और खाद्य विभाग के अधिकारी छात्रावास में मौजूद हैं और पूरे मामले की जानकारी ले रहे हैं।

अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी बीमार छात्राओं का बेहतर इलाज कराना प्राथमिकता है। भोजन और पानी के नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर छात्रावास प्रबंधन या संबंधित वेंडर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp