ग्रामीणों ने जताया आक्रोश, पुलिस की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला; श्रावण में नई मूर्ति स्थापित की जाएगी
जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सुंदरपुर में शनिवार को नदी किनारे स्थापित मां नर्मदा की मूर्ति खंडित मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2016 में ग्रामवासियों के सहयोग से नदी किनारे मां नर्मदा की मूर्ति स्थापित की गई थी। यह स्थान ग्रामीणों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने मूर्ति को खंडित अवस्था में देखा। इसके बाद घटना की जानकारी तेजी से गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
मूर्ति खंडित मिलने के बाद ग्रामीणों ने किसी असामाजिक तत्व द्वारा इसे नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका जताई। हालांकि, पुलिस ने प्राकृतिक कारणों की संभावना से भी इनकार नहीं किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पानी के बहाव या अन्य प्राकृतिक कारणों से भी मूर्ति क्षतिग्रस्त हो सकती है।
ग्रामीणों ने किया विधिवत पूजन
घटना की सूचना मिलते ही खमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से खंडित मूर्ति का विधिवत पूजन-अर्चन किया और उसे विसर्जन के लिए ग्वारीघाट ले गए।
रांझी सीएसपी के अनुसार, सुंदरपुर गांव में नदी किनारे स्थापित मंदिर में मां नर्मदा की मूर्ति खंडित मिलने की सूचना मिली थी। ग्रामीणों ने पुलिस को लिखित आवेदन भी सौंपा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
श्रावण में स्थापित होगी नई मूर्ति
ग्रामीणों ने बताया कि आगामी श्रावण माह में इसी स्थान पर पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ मां नर्मदा की नई मूर्ति स्थापित की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही किसी भी असामाजिक गतिविधि पर नजर रखने की बात कही है।