akhbaar update

घर से निकलने के बाद नहीं लौटा था सागर, गांव के तालाब में चलाया गया तलाशी अभियान

 



जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम गुनहरू (मोहसाम) में शनिवार शाम घर से निकले 23 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। युवक के देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसके तालाब की ओर जाने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने तालाब में खोजबीन शुरू की।

मृतक की पहचान सागर कोल (23) पिता फूलचंद्र कोल के रूप में हुई है। बताया गया है कि सागर शनिवार शाम घर से निकला था। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं आया तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए।

जानकारी मिलने पर सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाशी अभियान चलाया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब 9:30 बजे युवक का शव तालाब से बरामद किया गया।

तालाब किनारे पैर फिसलने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सागर शौच के लिए तालाब के पास गया होगा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। पानी में डूबने के कारण उसकी मौत होने की संभावना है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सिहोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp