जबलपुर। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के क्षेत्र और मानसून की ट्रफ लाइन के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों के दौरान तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सोमवार से प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं जबलपुर समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
इन जिलों में भी बारिश का अनुमान
अगले 48 घंटों के दौरान जबलपुर, छिंदवाड़ा, भोपाल, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, देवास, रतलाम, इंदौर, उज्जैन, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, बैतूल और हरदा समेत कई जिलों में बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, सिवनी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है।
जुलाई में औसत से कम हुई बारिश
कमजोर मानसून के कारण इस साल जुलाई में अब तक बारिश का आंकड़ा औसत से नीचे रहा है। मानसून की शुरुआत में अच्छी बारिश के बाद बारिश का दौर कमजोर पड़ गया था। इससे जुलाई का बारिश कोटा पूरा नहीं हो सका।
मध्य प्रदेश में सालाना औसत बारिश करीब 37.3 इंच होती है और जुलाई को बारिश के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। अब सक्रिय हुए मानसूनी सिस्टम से अगले 48 घंटों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है, जिससे जुलाई में बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।