जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र में ड्यूटी से घर लौट रहे एक युवक से मारपीट कर नकदी और चांदी की अंगूठी लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम डूंडी निवासी 32 वर्षीय चंद्रभान झारिया निजी तौर पर मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के शारदा नगर, रिछाई में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 12 जुलाई की रात ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रात करीब 12:15 बजे जब वे बब्बा ढाबा के आगे रेत स्टॉक के पास पहुंचे, तभी पीछे से सफेद रंग की स्कूटी पर सवार तीन युवक आए और उनकी बाइक रोक ली।
आरोपियों ने पहले शराब पीकर वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू किया। इसके बाद एक आरोपी ने उनके हाथ में रखा ओप्पो कंपनी का मोबाइल छीन लिया, जबकि दूसरे आरोपी ने जेब से 4 से 5 हजार रुपये नकद रखे पर्स निकाल लिया। आरोपियों ने उनके हाथ में पहनी चांदी की अंगूठी भी छीन ली और स्कूटी से फरार हो गए।
झपटमारी के दौरान चंद्रभान झारिया की दाहिनी आंख के पास चोट भी आई। उन्होंने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि वह स्कूटी का नंबर नहीं देख सके।
बरेला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।