akhbaar update

बागेश्वर धाम के प्रमुख के भाई पर फायरिंग का आरोप, हत्या के प्रयास का केस दर्ज

 




छतरपुर। बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा में जमीन विवाद के दौरान फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने शालिग्राम गर्ग समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

जमीन विवाद में चली गोली

पुलिस के अनुसार, ग्राम कोड़ा में जमीन को लेकर हुए विवाद के दौरान शालिग्राम गर्ग और उनके साथियों पर कोना गांव निवासी मोतीलाल कुशवाहा पर फायरिंग करने का आरोप है। घटना में मोतीलाल कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गोलियां उनके सिर और कान को छूते हुए निकल गईं, जबकि एक गोली शरीर में फंसी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर

घटना की शिकायत के आधार पर राजनगर थाना पुलिस ने शालिग्राम गर्ग समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने खुद को किया अलग

मामले में भाई का नाम सामने आने के बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि उनका शालिग्राम गर्ग से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि वह दो वर्ष पहले ही सार्वजनिक रूप से यह घोषणा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करे और यदि कोई दोषी है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने अपील की कि इस मामले को उनके नाम से न जोड़ा जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update