जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के लमकना रोड स्थित आलासूर सिमरिया मोड़ पर बुधवार दोपहर मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में धान की रोपाई के लिए जा रहे करीब 40 मजदूर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर अमाड़ी गांव से लहोद गांव धान की रोपाई के लिए जा रहे थे। इसी दौरान चालक ने रास्ते में एक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक के दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे उसमें सवार मजदूर घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सिहोरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में प्रियंका, लाल चौधरी, मनीषा बाई, जयंती बाई, नंदकिशोर, राजकुमारी, सुदामा बाई, लाली बाई, संतरा बाई, आशीष चौधरी, सविता, गोमती, सुलोचना, राजीव चौधरी और दीपक चौधरी सहित अन्य मजदूर शामिल हैं।
एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि चिकित्सकों ने सभी का तत्काल उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश घायलों को मामूली चोटें आई हैं और सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
सिहोरा थाना पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।